बदायूं
उसावां ब्लॉक के सामने 40 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पुलिस ने शव कब्जे में लिया
केशव गुप्ता
उसावां/बदायूं। उसावां ब्लॉक स्थित यूरिया खाद गोदाम के सामने शुक्रवार को ग्राम दासिहा निवासी सुधीर पुत्र टीकाराम (करीब 40 वर्ष) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सुधीर बाजार से अपने बच्चों के लिए स्कूल की किताबें और कुछ दवाइयां लेकर आए थे। इसके बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) उसावां पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
मृतक अपने पीछे पत्नी और पांच बच्चों—तीन बेटियां एवं दो बेटे—को छोड़ गए हैं। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और गांव में शोक की लहर है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
