4:58 pm Friday , 31 July 2026
BREAKING NEWS

सावन में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: उसावां पुलिस का एक्शन, ओवरस्पीड व ओवरलोड ट्रक जब्त

सावन में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: उसावां पुलिस का एक्शन, ओवरस्पीड व ओवरलोड ट्रक जब्त

केशव गुप्ता

उसावां (बदायूं)। श्रावण मास के पवित्र अवसर पर सड़क सुरक्षा और आमजन की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए उसावां पुलिस पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह एवं उप निरीक्षक सुनील चौधरी ने अकबरपुर मोड़ पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाते हुए एक ओवरस्पीड और ओवरलोड ट्रक को पकड़कर जब्त कर लिया।
पुलिस द्वारा यह कार्रवाई शासन के उन सख्त निर्देशों के तहत की गई है, जिनमें सावन माह के दौरान तेज रफ्तार और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कठोर कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं। शासन की मंशा है कि कांवड़ यात्रा और धार्मिक आयोजनों के दौरान आम नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी या दुर्घटना का सामना न करना पड़े।
थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया कि क्षेत्र में लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। ओवरस्पीड, ओवरलोड तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे निर्धारित गति सीमा का पालन करें और यातायात नियमों का सम्मान करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
उसावां पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया और चेकिंग अभियान के दौरान कई चालकों ने यातायात नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाने का संकल्प भी लिया।

विज्ञापन एक्सप्रेस