3:24 pm Saturday , 25 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी: रेलवे पटरी के पास मिले अज्ञात युवक के शव की पत्नी ने की शिनाख्त

उझानी-बदांयू 25 जुलाई।

कोतवाली उझानी क्षेत्र के बसोमा गांव स्थित अंडरपास से करीब एक किलोमीटर दूर रेलवे पटरी के किनारे झाड़ियों में पड़े 35 वर्षीय अज्ञात युवक के शव की शिनाख्त हो गई है। शव की पहचान दिल्ली के जनता मजदूर कॉलोनी, थाना बेलकम कॉलोनी निवासी अखलाक पुत्र जमीर के रूप में हुई है।

मामला 18 जुलाई का है। ग्रामीणों ने बसोमा अंडरपास के पास झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू किए, लेकिन जेब और कपड़ों से कोई पहचान पत्र नहीं मिला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

शनिवार सुबह करीब 10 बजे बदायूं के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के शेखूपुर गांव निवासी नेहा पोस्टमार्टम हाउस पहुंची। उसने शव की शिनाख्त अपने पति अखलाक के रूप में की।

नेहा ने बताया कि अखलाक कुछ दिन पहले शेखूपुर आया था और कासगंज जाने की बात कहकर निकला था। जब कासगंज फोन किया तो वहां वह नहीं पहुंचा। इसके बाद वह हर जगह उसकी तलाश करती रही। अज्ञात शव मिलने की सूचना पर वह बदायूं पहुंची तो शव को देखते ही पहचान गई।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। शव मिलने की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। महिला और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

थाना प्रभारी उझानी ने बताया, “शव पर चोट के निशान हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। रेलवे ट्रैक और आसपास के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस