1:24 am Saturday , 18 July 2026
BREAKING NEWS

फॉल्ट से गुल हुई बिजली, उझानी में उपभोक्ताओं का हंगामा, 1.5 घंटे रहा ब्लैकआउट।

उझानी-बदांयू 5 जुलाई ।

गर्मी के बीच बिजली कटौती और फॉल्ट से परेशान उझानी की जनता का गुस्सा शनिवार रात फूट पड़ा। कस्बे के उपकेंद्र से जुड़े 3 व 2 नंबर फीडरों में फॉल्ट आने के बाद करीब 1 घंटे तक सप्लाई न आने पर नाराज उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पर हंगामा कर दिया।

बीती रात नगर के मोहल्ला नझियाई, गद्दी टोला,और साहूकारा, अयोध्या गंज फीडर में तकनीकी फॉल्ट आ गया। इससे इन इलाकों की बिजली गुल हो गई। स्थानीय लोग करीब 9:30 बजे तक इंतजार करते रहे। सप्लाई शुरू न होने पर इन मोहल्लों के 50 से 60 लोग उपकेंद्र पहुंच गए और कर्मचारियों से बहस करने लगे।

आरोप है कि हंगामे के दौरान लोगों ने कर्मचारियों को धमकाकर उपकेंद्र से संचालित शेष 3 फीडरों की भी सप्लाई बंद करवा दी। इससे पूरा कस्बा करीब डेढ़ घंटे तक अंधेरे में डूब गया। गर्मी में बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई।

सूचना पर विद्युत निगम के अधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने की खबर मिलते ही हंगामा कर रहे सभी लोग मौके से चले गए। उनके जाने के बाद तीनों फीडरों की सप्लाई बहाल कर दी गई। साथ ही फॉल्ट वाले फीडर की मरम्मत का काम भी शुरू कराया गया।

अधिशासी अभियंता सतेंद्र गौतम ने बताया कि कुछ लोगों ने आकर हंगामा किया था। उनके जाने के बाद सभी फीडरों की सप्लाई शुरू करवा दी गई। फॉल्ट वाले फीडर की मरम्मत चल रही है, जल्द आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।

पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी और बार-बार ट्रिपिंग के कारण उपभोक्ता पहले से परेशान हैं। उझानी की इस घटना से साफ है कि समय पर मरम्मत और सुचारू आपूर्ति न होने पर जनता का सब्र जवाब दे रहा है।

विज्ञापन एक्सप्रेस