9:08 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी नगर पालिका के मुख्य लिपिक मुकेश शर्मा सेवानिवृत्त, भावभीनी विदाई।


उझानी, बदायूं 4 जुलाई ।

नगर पालिका परिषद उझानी में वर्षों तक निष्ठा और समर्पण के साथ सेवा देने वाले मुख्य लिपिक मुकेश शर्मा शुक्रवार को सेवानिवृत्त हो गए। उनके सम्मान में नगर पालिका सभागार में एक भव्य विदाई समारोह आयोजित किया गया।

समारोह में नगर पालिका परिवार के साथ जनप्रतिनिधि और शहर के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। सभी ने मुकेश शर्मा के उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सुखद सेवानिवृत्ति जीवन की कामना करते हुए उन्हें भावपूर्ण विदाई दी।

मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल ने उन्हें सम्मानित करते हुए कहा कि मुकेश शर्मा ने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और पारदर्शिता का उदाहरण प्रस्तुत किया। उनका कार्यकाल आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।

अधिशासी अधिकारी ईओ मणिजी सैनी ने कहा कि मुकेश शर्मा का प्रशासनिक अनुभव और अनुशासित कार्यशैली समस्त कर्मचारियों के लिए आदर्श रही। उनके योगदान से नगर पालिका के कार्यालयी कामकाज और विकास को नई दिशा मिली।

पूर्व सभासद रामप्रवेश यादव ने कहा कि मुकेश शर्मा नगर पालिका परिवार के अभिन्न अंग रहे हैं। उनका मार्गदर्शन और सहयोग सदैव याद रखा जाएगा।

इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के नेता अरविंद शर्मा, जलकल प्रभारी अरविंद पाल, निर्माण जेई प्रिंस मिश्रा, राजकुमार गुप्ता, निखिल मिश्रा, आशीष शर्मा, संजय गौतम, दीपक, रामप्रसाद, तौसीफ अहमद, ऋतु शर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं सामाजिक लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर सभी ने मुकेश शर्मा को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और उनके दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना की।

— राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस