बदायूं
हत्या कांड में जरीफनगर पुलिस को बड़ी सफलता, दूसरा आरोपी लोहे की रॉड समेत गिरफ्तार
केशव गुप्ता
बदायूँ। थाना जरीफनगर पुलिस ने हत्या के चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी को घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड (आलाकत्ल) सहित गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 की रात राव फार्म हाउस से कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे ग्राम अल्लीपुर टप्पा हवेली निवासी भूरे सिंह और उनके साथी राकेश पर दांदरा-करियावेन संपर्क मार्ग पर हमला हुआ था। गंभीर रूप से घायल भूरे सिंह को सीएचसी सहसवान ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, जबकि राकेश को मेडिकल कॉलेज बदायूँ रेफर किया गया।
मामले में मृतक के पुत्र राजाबाबू की तहरीर पर थाना जरीफनगर में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने पहले मुख्य आरोपी कप्तान सिंह को 30 जून को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
इसी क्रम में शुक्रवार को थाना जरीफनगर पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर दूसरे आरोपी कुमरपाल पुत्र केहर सिंह उर्फ केहरी, निवासी ग्राम अल्लीपुर टप्पा हवेली, थाना सहसवान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद की है।
पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया। इस सफलता में थाना प्रभारी सुमित कुमार शर्मा सहित जरीफनगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

