बदायूं
गंगा एक्सप्रेसवे पर हजरतपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रक से करीब डेढ़ करोड़ रुपये की हरियाणा ब्रांड अवैध शराब बरामद
केशव गुप्ता
बदायूं। जनपद के थाना हजरतपुर पुलिस को अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गंगा एक्सप्रेसवे पर बिहारीपुर अजब गांव के पास चेकिंग के दौरान हरियाणा ब्रांड की अवैध शराब से लदे एक ट्रक को पकड़ लिया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में हरियाणा निर्मित शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तस्कर इस शराब की खेप को दूसरे राज्य से उत्तर प्रदेश के रास्ते अवैध रूप से ले जा रहे थे। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शराब जब्त कर ली है तथा चालक समेत संबंधित आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। मामले में आबकारी अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
इस बड़ी बरामदगी को जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी तथा इसे कहां पहुंचाया जाना था। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य तस्करों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
हजरतपुर पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

