11:08 am Wednesday , 22 July 2026
BREAKING NEWS

जर्जर सड़क बनी हादसों का सबब: जलभराव में पलटा स्कूली बच्चों से भरा ई-रिक्शा, कई छात्र घायल

बदायूं

जर्जर सड़क बनी हादसों का सबब: जलभराव में पलटा स्कूली बच्चों से भरा ई-रिक्शा, कई छात्र घायल

केशव गुप्ता

कादरचौक (बदायूं)। विकासखंड कादरचौक क्षेत्र के ग्राम ककोड़ा के पास जर्जर सड़क और जलभराव के कारण सोमवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। स्कूली बच्चों से भरा एक ई-रिक्शा सड़क पर बने गहरे गड्ढे में अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार कई बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और ई-रिक्शा में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल बच्चों को प्राथमिक उपचार दिलाया गया। राहत की बात यह रही कि किसी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम ककोड़ा के पास सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। बारिश के दौरान सड़क पर जलभराव होने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। कई बार संबंधित अधिकारियों से सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत, गड्ढों को भरवाने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
यातायात सुरक्षा संदेश:
ई-रिक्शा चालकों को वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों या सवारियों को नहीं बैठाना चाहिए। साथ ही खराब सड़क और जलभराव वाले मार्गों पर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.