श्रावण और कांवड़ यात्रा को लेकर बिसौली में हाई अलर्ट, पुलिस ने बुलाई पीस कमेटी की बैठक
बिसौली (बदायूं)। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बिसौली पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को बिसौली थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न समुदायों के लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. हृदेश कठेरिया ने की। इस दौरान क्षेत्राधिकारी बिसौली एवं कोतवाल कमलेश कुमार मिश्र भी मौजूद रहे। बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, ग्राम प्रधानों, मंदिर समिति के पदाधिकारियों, कांवड़ जत्थेदारों, डीजे संचालकों, मस्जिदों के मौलवियों तथा विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह, हुड़दंग, भड़काऊ गतिविधि या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
बैठक में डीजे संचालन, जुलूस के निर्धारित मार्ग, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अंत में प्रशासन ने सभी धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि आपसी सद्भाव और भाईचारे की भावना के साथ श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराना सभी की साझा जिम्मेदारी है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

