12:08 am Saturday , 18 July 2026
BREAKING NEWS

पति ने रची पत्नी की हत्या की खौफनाक साजिश, शव आंगन के गटर में दफनाया

चार दिन बाद गुमशुदगी की जांच में खुला कत्ल का राज, पति समेत तीन गिरफ्तार

बिसौली (बदायूं)। कोतवाली बिसौली क्षेत्र के गांव सर्वा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पत्नी की गुमशुदगी की जांच के दौरान पुलिस ने हत्या की ऐसी साजिश का खुलासा किया, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले पत्नी का गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर के आंगन में बने गटर में दफना दिया, ताकि किसी को घटना की भनक न लगे। परिजनों की ओर से गुमशुदगी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।

वैज्ञानिक साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले सबूतों और संदिग्धों से कड़ी पूछताछ के बाद पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने आरोपी पति समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त गमछा, फावड़ा, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। घटनास्थल से मिली टूटी चूड़ियां और अन्य सामान भी जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हुए।

पुलिस ने मामले में हत्या के साथ-साथ साक्ष्य मिटाने सहित अन्य गंभीर धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस