बदायूं
बंद मकान में मिले प्रेमी-युगल से मचा हड़कंप, तीन घंटे बाद खुला ताला; मकान मालिक समेत तीन हिरासत में
केशव गुप्ता
फैजगंज बेहटा। थाना क्षेत्र के वार्ड-4 में मंगलवार को एक बंद मकान के भीतर प्रेमी-युगल के मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और करीब तीन घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने मकान मालिक को बुलाकर मुख्य गेट का ताला खुलवाया। इसके बाद अंदर मौजूद युवक और युवती को सुरक्षित बाहर निकालकर मकान मालिक समेत तीनों को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार, वार्ड-4 स्थित एक मकान बाहर से बंद था। इसी दौरान लोगों को सूचना मिली कि मकान के अंदर एक युवक और युवती मौजूद हैं। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मकान के बाहर एकत्र हो गए। भीड़ बढ़ने पर पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद थाना पुलिस, महिला कांस्टेबल और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने सबसे पहले भीड़ को नियंत्रित किया और मकान मालिक को बुलाकर मुख्य गेट का ताला खुलवाया। ताला खुलते ही पुलिस अंदर पहुंची और युवक-युवती को सुरक्षित बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कमरे के अंदर कपड़े अस्त-व्यस्त पड़े थे, जिससे मौके को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि पुलिस ने किसी भी तरह की पुष्टि नहीं की है।
मामले में पुलिस ने युवक, युवती और मकान मालिक तीनों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना के दौरान मौजूद लोगों ने कई वीडियो भी बनाए, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
थाना प्रभारी सुभाष कुमार ने बताया कि युवक, युवती और मकान मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अभी तक युवती पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

