4:05 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

वजीरगंज – ट्रैक्टर तालाब में पलटा, कई बच्चे घायल

ट्रैक्टर तालाब में पलटा, कई बच्चे घायल
धान रोपाई के लिए जा रहे थे बच्चे, हादसे से मची अफरा-तफरी
वगरैन क्षेत्र के मुड़िया सतासी गांव में हादसा, ग्रामीणों ने बच्चों को ट्रैक्टर के नीचे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया

वजीरगंज (बदायूं)। वजीरगंज थाना क्षेत्र की वगरैन पुलिस चौकी अंतर्गत गांव मुड़िया सतासी में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। खेत में धान रोपाई के लिए जा रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे तालाबनुमा गड्ढे में पलट गया। हादसे के समय ट्रैक्टर पर गांव के कई बच्चे सवार थे, जो धान रोपाई के कार्य के लिए खेत जा रहे थे।

ट्रैक्टर पलटते ही कई बच्चे उसके नीचे दब गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद बच्चों को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला।

घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। हादसे की सूचना मिलते ही वजीरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई।

घटना के बाद घायल बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा घायलों की स्थिति पर नजर रखे हुए है।

विज्ञापन एक्सप्रेस