बदायूं
पीडब्ल्यूडी गेट पर बड़ा हादसा टला: चलते टिर्री के सामने गिरा यूकेलिप्टस का पेड़, चालक की सूझबूझ से बचीं कई जानें
केशव गुप्ता
बदायूं। शहर के पीडब्ल्यूडी गेट के पास सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब अचानक सड़क किनारे खड़ा एक विशाल यूकेलिप्टस का पेड़ भरभराकर सड़क पर गिर पड़ा। उसी दौरान वहां से गुजर रही एक टिर्री (ई-रिक्शा/टिर्री वाहन) चालक ने समय रहते ब्रेक लगा दिए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
हालांकि पेड़ की भारी शाखाएं टिर्री से टकरा गईं, जिससे वाहन पलट गया और उसमें बैठी सवारियां नीचे दब गईं। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया और टिर्री में फंसी सभी सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चालक की सतर्कता और स्थानीय लोगों की त्वरित मदद के कारण बड़ा हादसा टल गया। घटना में सवारियां बाल-बाल बच गईं। हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खड़े जर्जर और खतरनाक पेड़ों की जांच कर समय रहते उन्हें हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

