बदायूं
13 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली; एक सिपाही भी घायल
केशव गुप्ता
बदायूं। जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना वजीरगंज पुलिस ने 13 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी द्वारा पुलिस टीम पर की गई फायरिंग में एक आरक्षी घायल हो गया, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बिसौली के नेतृत्व में थाना वजीरगंज पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को थाना वजीरगंज क्षेत्र की एक 13 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना के संबंध में पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा संख्या 177/2026 धारा 65(1) बीएनएस, 3/4(2) पॉक्सो एक्ट तथा 3(2)(v) एससी/एसटी एक्ट के तहत दर्ज किया गया था।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान आंवला रोड स्थित कुंवरगांव चौराहे के पास आरोपी परवेज पुत्र छुन्ने, निवासी मोहल्ला तकिया, कस्बा एवं थाना वजीरगंज, पुलिस टीम के सामने आ गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग कर दी, जिसमें आरक्षी प्रवेन्द्र कुमार के बाएं हाथ में गोली लग गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा कारतूस तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरक्षी और आरोपी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। उपचार एवं आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक अश्वनी कुमार के नेतृत्व में थाना वजीरगंज पुलिस टीम ने अंजाम दिया।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

