बदायूं
श्रावण मास व कांवड़ यात्रा को लेकर बिसौली में पीस कमेटी की बैठक, शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
केशव गुप्ता
बदायूं। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को थाना बिसौली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. ह्रदेश कठेरिया ने की।
बैठक में विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों, पीस कमेटी के सदस्यों तथा डीजे संचालकों से संवाद करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने सभी से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
उन्होंने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग और समय का पालन करने, जबकि डीजे संचालकों से शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि मानकों का कड़ाई से अनुपालन करने का अनुरोध किया। साथ ही सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री प्रसारित न करने की भी अपील की गई।
डॉ. ह्रदेश कठेरिया ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और हर गतिविधि पर पुलिस की सतर्क निगरानी रहेगी।
बैठक में मौजूद धर्मगुरुओं, पीस कमेटी के सदस्यों एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक बिसौली कमलेश कुमार मिश्र सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

