12:08 am Saturday , 18 July 2026
BREAKING NEWS

फैजगंज बेहटा पुलिस की बड़ी सफलता: तीन चोरी की वारदातों का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार, लाखों के जेवर बरामद

बदायूं

फैजगंज बेहटा पुलिस की बड़ी सफलता: तीन चोरी की वारदातों का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार, लाखों के जेवर बरामद

केशव गुप्ता

बदायूं। जनपद के थाना फैजगंज बेहटा पुलिस ने लगातार हुई तीन चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर चोरी के जेवरात बरामद किए हैं। आरोपी ने पूछताछ में बदायूं के अलावा शाहजहांपुर जनपद में भी कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अब उसके फरार साथी की तलाश में जुटी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में थाना फैजगंज बेहटा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर आसफपुर रोड से प्रमोद पुत्र रामचन्दर वाल्मीक निवासी कुमरापुर, थाना बेहटा गोकुल, जनपद हरदोई को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के एक जोड़ी पीली धातु के कान के झाले, तीन जोड़ी सफेद धातु के बिछुए, दो जोड़ी खड़ुए तथा तीन जोड़ी पायल बरामद की हैं। बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोत्तरी की गई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी राजेश उर्फ कमती के साथ मिलकर थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के ग्राम दासपुर, गनगौली और पाठकपुर में हुई चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। इसके अलावा थाना वजीरगंज और बिनावर क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार आरोपी का साथी राजेश उर्फ कमती निवासी जनपद लखीमपुर खीरी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी प्रमोद एक शातिर एवं हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके विरुद्ध बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई और सीतापुर जनपदों में हत्या, चोरी, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
फैजगंज बेहटा पुलिस की इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सुभाष कुमार के नेतृत्व में थाना पुलिस के साथ एसओजी प्रभारी रविन्द्र सिंह एवं सर्विलांस प्रभारी कपिल कुमार की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

विज्ञापन एक्सप्रेस