12:09 am Saturday , 18 July 2026
BREAKING NEWS

मामा बना हैवान: भांजे की गोली मारकर हत्या, बचाने दौड़ी बहन को भी मारी गोली, मेडिकल कॉलेज में भर्ती बदायूं।

बदायूं

मामा बना हैवान: भांजे की गोली मारकर हत्या, बचाने दौड़ी बहन को भी मारी गोली, मेडिकल कॉलेज में भर्ती
बदायूं।

केशव गुप्ता

जनपद के कादरचौक थाना क्षेत्र के ग्राम लखूपूरा में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां नशे की हालत में हुए विवाद के दौरान एक मामा ने अपने ही भांजे की गोली मारकर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची अपनी बहन पर भी आरोपी ने फायर झोंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का इलाज राजकीय मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि किसान वीर सिंह और उसके भांजे आकाश के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों के बीच विवाद बढ़ने पर आकाश लाठी उठाने के लिए आगे बढ़ा। इसी दौरान नशे की हालत में मौजूद वीर सिंह ने तमंचे से आकाश पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोली चलने की आवाज सुनकर आकाश की मां एवं वीर सिंह की बहन संतोषी अपने बेटे को बचाने के लिए दौड़ी। आरोप है कि वीर सिंह ने उस पर भी फायर कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे तत्काल राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार संतोषी की शादी कासगंज जनपद के एक गांव में हुई थी। पति से विवाद के बाद वह अपने मायके ग्राम लखूपूरा आकर रहने लगी थी। उसने अपने भाई वीर सिंह के सहयोग से कुछ खेती खरीदी थी, जिसकी देखरेख और खेती का कार्य उसका बेटा आकाश करता था। इसी जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था, जो शुक्रवार को खूनी संघर्ष में बदल गया।
घटना की सूचना मिलते ही कादरचौक थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस