बदायूं
सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त होगी कांवड़ यात्रा, 422 CCTV कैमरों से होगी निगरानी; बदायूं में तैयारियों की समीक्षा
केशव गुप्ता
बदायूं, 19 जुलाई। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को सकुशल, भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा एवं जनपद के प्रभारी मंत्री अरुण कुमार सक्सेना की मौजूदगी में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि इस बार कांवड़ यात्रा को सिंगल यूज़ प्लास्टिक मुक्त बनाया जाए। वहीं प्रभारी मंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा का आयोजन उत्सव के रूप में किया जाए और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए। उन्होंने सड़कों की मरम्मत, साफ-सफाई, खुले नालों को ढकने, बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने तथा स्वास्थ्य शिविरों में पर्याप्त दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने बताया कि कांवड़ और डीजे की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट, चौड़ाई 10 फीट तथा ध्वनि की सीमा 75 डेसीबल निर्धारित की गई है। पूरे जनपद को 6 जोन और 16 सेक्टर में विभाजित कर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है।
कांवड़ मार्ग पर 422 सीसीटीवी कैमरे, 7 वॉच टावर, बैरिकेडिंग, नाव, गोताखोर, मोबाइल टॉयलेट, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम और समुचित प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। जनपद के 132 शिवालयों, 6 गंगा घाटों और 32 कांवड़ शिविरों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। कांवड़ यात्रा का कुल मार्ग 331 किलोमीटर रहेगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि यात्रा के दौरान कलेक्ट्रेट स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) तथा पुलिस लाइन में कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेंगे। साथ ही प्रत्येक शुक्रवार शाम 8 बजे से सोमवार शाम 5 बजे तक रूट डायवर्जन प्रभावी रहेगा।
बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने प्रत्येक शिविर पर मोबाइल टॉयलेट, महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती और सोशल मीडिया की सतत निगरानी का सुझाव दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, एमएलसी वागीश पाठक, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष जेके सक्सेना, सीडीओ गामिनी सिंगला सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

