



गले और हाथ-पैर पर मिले चोट के निशान, मामा ने जताई हत्या की आशंका पुलिस ने पीएम को भेजा शव।
उझानी-बदांयू 3 जुलाई।
कोतवाली क्षेत्र के गांव अथैया में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब खेत में बनी झोपड़ी में 18 वर्षीय युवक का शव चारपाई पर पड़ा मिला। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान गोतम पुत्र स्व. कालीचरन के रूप में हुई है। वह मूलरूप से कासगंज जनपद के मोहनपुरा थाना क्षेत्र के गांव रामपुर का रहने वाला था। आठ साल पहले किन्हीं कारणों से माता-पिता की मौत हो गई थी। तभी से गोतम अपने दो भाई और एक बहन के साथ अथैया गांव में ननिहाल में मामा के पास रह रहा था।
शुक्रवार सुबह जब मामा खेत पर गए तो झोपड़ी में चारपाई पर गोतम का शव पड़ा देख उनके होश उड़ गए। शव देखकर वह चीख पड़े। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया।
परिजनों के मुताबिक गोतम के गले और हाथ-पैर पर चोट के निशान बने हुए थे। इससे परिवार ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक के मामा का कहना है कि पुराने विवाद के चलते भांजे की हत्या की गई है।
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह सामने आएगी।
मामा ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद तहरीर देकर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। युवक की मौत से गांव में शोक की लहर है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

