4:43 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी -12 घंटे बंद रहा अढ़ौली फाटक, सुबह 8:30 बजे खुला तो ली लोगों ने राहत की सांस।

दो मालगाड़ी उझानी स्टेशन पर खड़ी रहीं, कई ट्रेनें लेट 4 किमी घूमकर निकले स्कूली वाहन, गौशाला फाटक पर उमड़ी भीड़।

उझानी बदायूं, 3 जुलाई।

उझानी रेलवे स्टेशन के नजदीक समपार संख्या- 288 ए स्थित अढ़ौली फाटक पर रेलवे लाइन बदलने का काम बीती शाम से आज सुबह आठ बजे के बाद तक चलने से आवागमन पूरी तरह ठप रहा। करीब 14 घंटे बाद सुबह 8:30 बजे फाटक खुलने के बाद लोगों ने राहत महसूस की।

अढ़ौली रेल फाटक और उसके आसपास 60 गेज की नई पटरी बिछाने का काम बृहस्पतिवार शाम छह बजे के बजाय रात 7 बजे शुरू हो पाया था। रेल कर्मियों के मुताबिक फाटक के पास पहले 52 गेज की पटरी थी। 60 गेज की नई पटरी पर ट्रेनें 150 किमी प्रति घंटा से भी अधिक रफ्तार से दौड़ सकेंगी।

फाटक पर काम चलने के कारण उझानी-स्टेशन पर दो मालगाड़ियों को खड़ा कर दिया गया। इसके अलावा कई यात्री ट्रेनें भी प्रभावित हुईं और अपने निर्धारित समय से देरी से चलीं, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई।

वाणिज्य अधीक्षक केपी सिंह ने बताया कि कादरचौक और उझानी के बीच आने-जाने वाले वाहनों को गोशाला फाटक से होकर निकाला गया। इसके चलते लोगों को अपने वाहनों से तीन से चार किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ा।

वैकल्पिक मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने से गौशाला फाटक पर भी भीड़ की स्थिति बन गई। सुबह के समय स्कूली वाहनों के साथ साइकिल सवार, ई-रिक्शा चालक और पैदल राहगीरों को सबसे ज्यादा दिक्कत झेलनी पड़ी। जानकारी के अभाव में कुछ वाहन चालक अढ़ौली फाटक तक पहुंच गए, जिन्हें वहां से लौटाकर वैकल्पिक रास्ते की ओर भेजा गया।

सुबह 8:30 बजे के बाद मरम्मत कार्य पूरा होने पर फाटक को यातायात के लिए खोल दिया गया, जिसके बाद जाम में फंसे लोगों ने राहत की सांस ली।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस