11:18 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी में बारिश बनी आफत: एक और बरसात हुई तो नाला निगल जाएगा नरऊ का रास्ता।

गंदे नाले और बरसाती पानी से खेत लबालब, हाईवे किनारे लोहे के उपकरण डूबे, 200 बीघा जमीन पहले ही तबाह।

उझानी-बदांयू 2 जुलाई।

उझानी में बारिश ने हालात बेकाबू कर दिए हैं। अगर एक और जोरदार बारिश हुई तो नगरपालिका के गंदे नाले का पानी बरसाती पानी से मिलकर नरऊ जाने वाले मुख्य रास्ते को ही निगल लेगा। कल हुई धमाकेदार बारिश के बाद हर तरफ नाले का गंदा पानी ही नजर आ रहा है।

नवनिर्मित हाईवे की साइड से टकराने के बाद पानी ने पहले एक तरफ के खेतों को डुबो दिया। अब सड़क की दूसरी साइड के खेतों को भी अपनी गिरफ्त में लेना शुरू कर दिया है। हाईवे निर्माण के लिए रखे लोहे के उपकरण भी पानी में डूबे हुए हैं। गंदे नाले का पानी सड़क के हिस्से को चपेट में ले चुका है। बड़ा गड्ढा होने से सड़क पानी की मार से खोखली होने लगी है।ग्रामीणों का कहना है कि एक दिन की बरसात और हुई तो नरऊ जाने वाली सड़क का नामोनिशान मिट जाएगा। तब सिर्फ पैदल ही आ -जा सकेंगे, वाहनों का निकलना नामुमकिन हो जाएगा।

नरऊ के गांव वालों ने बताया कि जल निगम और नगर पालिका ने हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी शहर के गंदे पानी के निकास का कोई इंतजाम नहीं किया। नगर पालिका का नाला पहले ही करीब 200 बीघा उपजाऊ खेतों को निगल चुका है। अगर गंदा पानी इसी तरह खेत और फसलों को अपनी आगोश में लेता रहा तो किसानों के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा।

स्थानीय किसानों में महावीर सिंह,शेलेन्द्र सिंह, छोटेलाल, नेपाल सिंह ने चेतावनी दी है कि समय रहते नाले की सफाई और पानी निकासी का इंतजाम नहीं हुआ तो हालात और बिगड़ेंगे। बरसात के साथ नाले का गंदा पानी मिलकर पूरे इलाके को जलमग्न कर देगा। लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस