बदांयू पुलिस लाइन चौराहे पर नाले में गिरा अनियंत्रित ऑटो, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा।
बदांयू 2 जुलाई।
पुलिस लाइन चौराहे पर गुरुवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कचहरी रोड स्थित चर्च के सामने एक अनियंत्रित ऑटो अचानक गहरे नाले में जा गिरा। गनीमत रही कि हादसे के वक्त ऑटो में कोई सवारी नहीं थी। चालक ने भी सूझबूझ दिखाते हुए नाले में गिरने से पहले छलांग लगा दी, जिससे वह पूरी तरह सुरक्षित बच गया।
हादसे की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मूसलाधार बारिश के बीच ट्रैफिक पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से ऑटो को नाले से बाहर निकलवाया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि नाला खुला होने से यहां हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। अगर ऑटो में सवारी होती तो बड़ी जनहानि हो सकती थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक ने ऑटो पर नियंत्रण खो दिया था। ऑटो सीधे नाले में जा गिरा। हादसे के बाद कुछ देर के लिए चौराहे पर अफरा तफरी मच गई। पुलिस ने तुरंत स्थिति संभाल ली। फिलहाल ऑटो को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

