बदायूं
जनशिकायतों के निस्तारण में बदायूँ पुलिस का बेहतर प्रदर्शन, SSP अंकिता शर्मा ने की समीक्षा, अधिकारियों की सराहना
केशव गुप्ता
बदायूँ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ जनसुनवाई एवं जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा बैठक की। समीक्षा के दौरान पाया गया कि मई माह की तुलना में जून माह में प्राप्त जनशिकायतों की संख्या में कमी आई है, जो शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण का सकारात्मक परिणाम है।
बैठक में बताया गया कि मई माह में कुल 1387 जनशिकायतें प्राप्त हुई थीं, जबकि जून माह में यह संख्या घटकर 1346 रह गई। विशेष रूप से थाना कुंवरगांव, मूसाझाग एवं बिल्सी में जनशिकायतों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई, जिसे बेहतर पुलिस कार्यप्रणाली का परिणाम माना गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक जनशिकायत का निस्तारण पूरी निष्पक्षता, संवेदनशीलता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
एसएसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई को और अधिक प्रभावी बनाते हुए लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें, जिससे पुलिस के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत हो।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

