उझानी-बदांयू 1 जुलाई
बरसात की झड़ी ने बुधवार सुबह उझानी में जमकर कहर बरपाया। तड़के करीब 7 बजे शुरू हुई मूसलाधार बारिश दो घंटे तक लगातार जारी रही, जिससे पूरा शहर जलमग्न हो गया। सड़कों पर दो-दो फुट तक पानी भर गया और नजारा गंगा-जमुना की लहरों जैसा दिखने लगा।
तेज बारिश और हवा के चलते स्टेशन रोड पर एक विशालकाय पेड़ बिजली के तारों को चपेट में लेते हुए धराशाई हो गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। लेकिन पेड़ गिरने से स्टेशन रोड पूरी तरह बंद हो गया। ट्रेन पकड़ने जा रहे यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
स्टेशन जाने वाले वैकल्पिक पंखा रोड पर भी दो फुट तक पानी भर गया। पानी इतना था कि कई बाइकों के साइलेंसर में पानी घुस गया और वे बीच सड़क पर ही बंद हो गईं। यात्रियों को सामान लेकर घुटनों तक पानी में चलकर स्टेशन पहुंचना पड़ा।
लगातार बारिश का सबसे बड़ा असर बिजली व्यवस्था पर पड़ा। उझानी बिजलीघर परिसर में 3 फुट तक पानी जमा हो गया। सुरक्षा के लिहाज से पूरे शहर की बिजली सप्लाई सुबह 7:30 बजे बंद करनी पड़ी। कर्मचारियों ने बताया कि पंपसेट के जरिए पानी निकलवाने का काम शुरू कर दिया गया है। जलस्तर कम होने और उपकरणों की जांच के बाद ही बिजली सप्लाई सुचारू हो सकेगी। बिजली न होने से जलभराव वाले इलाकों में पंप भी नहीं चल पा रहे, जिससे हालात और बिगड़ गए।


नगर पालिका की लापरवाही का खामियाजा शहरवासियों को भुगतना पड़ा। घंटाघर मार्केट, लिंक रोड, पंजाबी कालोनी, साहूकारा, बाजार कलां और गंजशहीदा मोहल्ला पूरी तरह जलमग्न हो गए। दुकानों में पानी घुस गया। ज्यादातर नाले-नालियां चोक होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पाई। सड़कों पर गंदा पानी भरने से लोगों को आवागमन में भारी दिक्कत हुई।



स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि हर साल बरसात में यही हाल होता है। नालों की सफाई समय से नहीं होती। सुबह-सुबह स्कूल जाने वाले बच्चों और दफ्तर जाने वालों को भी कीचड़ और पानी से होकर गुजरना पड़ा।
नगर पालिका प्रशासन ने दावा किया है कि पानी निकासी के लिए पंप लगाए गए हैं और जल्द ही स्थिति सामान्य हो जाएगी। वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में और बारिश की संभावना जताई है।
राजेश वार्ष्णेय एमके
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

