उझानी के प्रतिष्ठित हलवाई बीरेंद्र प्रकाश वार्ष्णेय का निधन, नगर में शोक की लहर।
उझानी-बदांयू 30 जून।
नगर के प्रसिद्ध बांकेलाल हलवाई (राज स्वीट्स) के स्वामी एवं नीम करौली बाबा के अनन्य भक्त बीरेंद्र प्रकाश वार्ष्णेय (67) का बीती रात नोएडा के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीरेंद्र प्रकाश वार्ष्णेय को लगभग एक सप्ताह पूर्व लीवर में संक्रमण के चलते नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान बीती रात उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनके निधन का समाचार मिलते ही नगर में शोक की लहर दौड़ गई। सुबह से ही नगरवासियों का उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया। लोगों ने उनके मृदु व्यवहार एवं मिलनसार व्यक्तित्व को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
परिचितों ने बताया कि बीरेंद्र प्रकाश वार्ष्णेय धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे और नीम करौली बाबा के प्रति उनकी गहरी आस्था थी। राज स्वीट्स के माध्यम से उन्होंने दशकों तक नगरवासियों को मिठास परोसी।
नगर के गणमान्य लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

