बदायूं
चार साल की मासूम रातभर लापता, सुबह खेत में बदहवास मिली; दुष्कर्म की आशंका पर पुलिस जांच तेज
केशव गुप्ता
बदायूं। अलापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में चार वर्षीय मासूम बच्ची घर के बाहर खेलते समय संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर रातभर तलाश की। शुक्रवार सुबह बच्ची गांव के पास एक मक्का के खेत में बदहवास हालत में मिली, जिसके बाद उसे तत्काल जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बच्ची की हालत को देखते हुए दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी। फिलहाल फोरेंसिक टीम और एसओजी मौके से साक्ष्य जुटाने में लगी हैं।
घटना के बाद बच्ची सहमी हुई है और कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं है। पुलिस द्वारा उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है, ताकि वह घटना के बारे में जानकारी दे सके। एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि बच्ची के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है तथा दोषियों की तलाश में जुटी हुई है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

