बदायूं
उझानी में सियारों का खूनी हमला: खेत में पानी लगा रहे दो सगे भाई लहूलुहान, मेडिकल कॉलेज रेफर।
वन विभाग की लापरवाही से दहशत में किसान, गांव में गश्त बढ़ाने की मांग।
उझानी-बदांयू 26 जून।
कोतवाली क्षेत्र के कछला चौकी अंतर्गत सराय स्वाले गांव में गुरुवार दोपहर सनसनी फैल गई। अपने खेत में गन्ने की फसल में पानी लगा रहे दो सगे भाइयों पर दो सियारों ने जानलेवा हमला कर दिया। दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सराय स्वाले निवासी 57 वर्षीय किसान सूरजपाल और उनके 50 वर्षीय भाई नेकसू, पुत्र लोचन, कल दोपहर करीब 3 बजे खेत में काम कर रहे थे। तभी गन्ने के खेत में पहले से घात लगाए बैठे दो सियारों ने अचानक दोनों पर हमला बोल दिया। सियारों ने हाथ, पैर और शरीर के कई हिस्सों पर काट लिया, जिससे दोनों लहूलुहान हो गए।
किसानों की चीख सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने किसी तरह सियारों को भगाकर दोनों भाइयों को बचाया। परिजन तुरंत घायलों को लेकर कछला पीएचसी पहुंचे। वहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को राजकीय मेडिकल कॉलेज, बदायूं रेफर कर दिया।
घटना के बाद से सराय स्वाले गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से इलाके में सियार और अन्य जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ गई है। किसान खेतों में जाने से डर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए क्षेत्र में तत्काल गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों को पकड़ने की मांग की है।
फिलहाल दोनों घायल भाइयों का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
राजेश वार्ष्णेय एमके।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

