7:32 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

भरत तिवारी एनकाउंटर को संदिग्ध बताते हुए बिल्सी में प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

भरत तिवारी एनकाउंटर को संदिग्ध बताते हुए बिल्सी में प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन।

बिल्सी (बदायूं), 24 जून 2026।

बिहार में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर बुधवार को बिल्सी तहसील मुख्यालय पर जोरदार विरोध प्रदर्शन हुआ। ब्राह्मण समाज के बैनर तले बड़ी संख्या में लोग एकत्र हुए और बिहार पुलिस व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे दीपक दीक्षित ने एनकाउंटर को संदिग्ध बताया। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की परिस्थितियां सवाल खड़े करती हैं, इसलिए निष्पक्ष जांच जरूरी है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराई जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उच्च स्तरीय जांच नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदर्शन में ब्राह्मण समाज के साथ अन्य समाजों के लोग भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी मामले में न्यायिक प्रक्रिया और पारदर्शिता का पालन होना चाहिए, ताकि जनता का कानून व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।

प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह को सौंपा। ज्ञापन में भरत तिवारी एनकाउंटर की सीबीआई जांच, पूरे मामले की निष्पक्ष पड़ताल और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की गई।

इस मौके पर संजीव तिवारी, अक्षय पंडित, सुदीप चौहान, अतुल शर्मा, आशीष शर्मा, विनीत उपाध्याय सहित सर्वसमाज के प्रबुद्ध नागरिक, युवा और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस