10:10 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी में सूरज का कहर: 43 डिग्री पर पहुंचा पारा, सड़कें सूनी

उझानी में सूरज का कहर: 43 डिग्री पर पहुंचा पारा, सड़कें सूनी।

उमस और लू के थपेड़ों से बेहाल हुए लोग, ठंडे पेय की दुकानों पर लगी कतारें।

उझानी बदायूं 9 जून ।

कुछ दिन की राहत के बाद मौसम ने फिर अपने तेवर दिखा दिए। मंगलवार को आसमान से बरसती आग ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया। सुबह 8 बजे से ही सूरज की तपिश इतनी तेज हो गई कि दोपहर होते-होते बाजार और सड़कें वीरान नजर आने लगीं।

उझानी के स्टेशन रोड, कछला रोड बाजार के आसपास दोपहर 12 बजे सन्नाटा पसरा था। जरूरी काम से निकले लोग सिर पर गमछा, टोपी और छाता लेकर ही बाहर दिखे। युवतियां और महिलाएं धूप से बचने के लिए दुपट्टे से चेहरा ढककर निकलती नजर आईं। गर्म हवाओं के थपेड़ों से हर कोई पसीने-पसीने हो गया।

पानी-पानी हुआ उझानी।

गर्मी बढ़ते ही उझानी में गन्ने के जूस, बेल का शरबत, लस्सी और कोल्ड ड्रिंक की दुकानों पर भीड़ टूट पड़ी। नगर के पवन कोल्ड ड्रिंक वाले ने बताया, “सुबह से बर्फ खत्म हो गई। 10 बजे से ही लोग ठंडा मांग रहे हैं। पिछले हफ्ते के मुकाबले बिक्री दोगुनी हो गई है।” सब्जी मंडी में भी दोपहर बाद खरीददार न के बराबर दिखे।

मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को उझानी-बदायूं क्षेत्र का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 32 डिग्री दर्ज किया गया। रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिली। उमस के कारण घरों में कूलर-पंखे भी बेअसर साबित हुए।

मौसम विशेषज्ञ का कहना है, “अगले 3-4 दिन लू और उमस का प्रकोप जारी रहेगा। दिन में 11 से 4 बजे तक घर से निकलने से बचें। बच्चों और बुजुर्गों का खास ख्याल रखें। पानी खूब पिएं।”

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बुधवार – बृहस्पति वार को पारा 44 डिग्री तक जा सकता है। “हीट वेव” का अलर्ट जारी किया गया है।

उझानी वालों के लिए एडवाइजरी-

– दोपहर 12 से 4 बजे तक घर में रहें
– सूती और हल्के रंग के कपड़े पहनें,
– खाली पेट बाहर न निकलें, नींबू-पानी/छाछ पीते रहें
– सिर ढककर ही बाहर जाएं।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस