10:27 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

सोए’ जलकल विभाग को दुकानदारों ने दिखाया आईना

‘सोए’ जलकल विभाग को दुकानदारों ने दिखाया आईना: उझानी में खुद ही सुधार दिया महीनों से खराब पड़ा इंडिया मार्का हैंडपंप।

घंटाघर चौराहे पर पानी के लिए तरसते राहगीरों की प्यास बुझाने उतरे व्यापारी, बोले- शिकायतें कीं, धरने दिए, पर नहीं जगा विभाग

उझानी बदांयू 19 मई।

“सरकार सो रही है, तो क्या हम प्यासे मर जाएं?” कुछ इसी जज्बे के साथ उझानी के घंटाघर चौराहा शॉपिंग सेंटर के दुकानदारों ने वह कर दिखाया जो नगर पालिका महीनों से नहीं कर पाई। चौराहे पर काफी समय से खराब पड़े इंडिया मार्का हैंडपंप को आज व्यापारियों ने चंदा जुटाकर खुद ही ठीक करा दिया।

दरअसल, घंटाघर चौराहे पर लगा यह इकलौता हैंडपंप महीनों से खराब था। गर्मी बढ़ने के साथ दुकानदारों और सैकड़ों राहगीरों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा था। दुकानदारों ने बताया कि नगर पालिका और जलकल विभाग में कई बार शिकायतें कीं, अधिकारियों के चक्कर काटे, प्रदर्शन भी किया, मगर विभाग की कुंभकर्णी नींद नहीं टूटी।

सर्राफा कमेटी के अध्यक्ष संजय कुमार मित्तल ने बताया, “रोज ग्राहक पानी मांगते थे। राह चलते लोग प्यास से बेहाल दिखते थे। हम कब तक विभाग के भरोसे बैठे रहते? मजबूर होकर सभी दुकानदारों ने मिलकर नल सही कराने का फैसला किया।” आज मिस्त्री बुलाकर हैंडपंप की मरम्मत कराई गई और पानी चालू हो गया।

खराब हैंडपंप ठीक होते ही राहगीरों के चेहरे खिल उठे। वहीं लोगों में नगर पालिका के खिलाफ गुस्सा है। लोगों का कहना है कि अगर जनता ही अपने पैसों से सरकारी हैंडपंप ठीक कराएगी तो टैक्स किस बात का लिया जा रहा है?

फिलहाल व्यापारियों की इस पहल की शहर में खूब चर्चा हो रही है। लोग कह रहे हैं- ‘जनता जागी, प्रशासन सोया।’

— राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस