6:40 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

साइकिल की घंटी से गूंजा उझानी: छात्राओं ने”तेल बचाओ” का दिया संदेश

साइकिल की घंटी से गूंजा उझानी: छात्राओं ने”तेल बचाओ” का दिया संदेश।

उप निरीक्षक भारती सिंह बोलीं – पैडल मारो, सेहत संवारो।

उझानी बदायूं 15 मई।

नगर की सड़कों पर सोमवार को जब स्कूली बच्चों की साइकिलें एक साथ चलीं तो नजारा देखने लायक था। मौका था रामनाथ राम नारायण ट्रस्ट द्वारा आयोजित “साइकिल चलाओ, तेल बचाओ” रैली का। अशर्फी देवी कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित इस रैली में छात्र-छात्राओं से लेकर शिक्षक और समाजसेवी तक सभी ने पैडल मारकर ईंधन बचत का संदेश दिया।
———–
कोतवाली से कॉलेज तक गूंजे नारे।

रैली उझानी कोतवाली से शुरू होकर अशर्फी देवी कन्या इंटर कॉलेज पर समाप्त हुई। रास्ते भर प्रतिभागियों ने “पैदल चलो, तेल बचाओ”, “साइकिल अपनाओ – स्वास्थ्य पाओ” और “ईंधन बचाओ – पर्यावरण बचाओ” के नारे लगाकर राहगीरों को भी सोचने पर मजबूर कर दिया।
———-
खाकी ने दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उप निरीक्षक श्रीमती भारती सिंह अपनी टीम शिवानी, प्रीति, शालू, संगीता, अल्पना और रमन गौर के साथ मौजूद रहीं। भारती सिंह ने कहा, “साइकिल सिर्फ सवारी नहीं, सेहत का खजाना है। रोज थोड़ा चलाएंगे तो डॉक्टर से दूरी बन जाएगी। छोटी दूरी के लिए बाइक-कार छोड़ो, साइकिल से नाता जोड़ो।”
——–
शिक्षा के मंदिरों ने दिया साथ

अशर्फी देवी कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती वीरू सिंह व सह अध्यापिका श्रीमती शिल्पी ने अतिथियों का स्वागत किया। भदवार गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती सुजाता सक्सेना अपनी शिक्षिकाओं ज़ोया अंसारी और तनिषा गुप्ता के साथ रैली में शामिल हुईं। खेल प्रशिक्षक मोहम्मद इकबाल अहमद भी मौजूद रहे।
————
“मोदी जी के आह्वान पर तेल की हर बूंद बचाएं” –
ट्रस्टी राजन मेंहदीरत्ता ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेल और खाद्य तेल दोनों बचाने को कहा है। साइकिल सबसे सस्ता जिम है। हमारे ऋषि-मुनि उपवास से तन-मन स्वस्थ रखते थे, हमें भी तला-भुना कम करना होगा। रोज साइकिल चलाओ, बीमारी भगाओ।”

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने शपथ ली कि वे छोटी दूरी पैदल या साइकिल से तय करेंगे और दूसरों को भी प्रेरित करेंगे। विद्यालय परिवार ने ट्रस्ट और पुलिस प्रशासन का आभार जताया।


राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस