5:17 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

बदांयू में प्रतिबंध के बावजूद नहीं रूका ट्रैक्टर-ट्राॅली से सफर।

उझानी-बदांयू 26 अप्रैल।

जिले में नियमों की अनदेखी और प्रशासनिक एवं यातायात पुलिस की ढिलाई जारी है। मालवाहक वाहन और ट्रैक्टर ट्रॉली सवारियों से भरे नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि सरकार द्वारा स्पष्ट प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद इस खतरनाक सफर पर रोक नहीं लग पा रही है।

उझानी क्षेत्र सहित जनपद के कई इलाकों में ट्रैक्टर-ट्रॉली से लोगों का सफर करना आम बात हो गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन के सीमित साधनों के चलते लोग इन वाहनों का सहारा लेते हैं। जिम्मेदार विभाग इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहे। न तो नियमित चेकिंग हो रही है और न ही नियम तोड़ने वालों पर प्रभावी कार्रवाई। बीते दिनों हज़रतगंज क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली के हुए हादसे ने इस लापरवाही की पोल खोल दी थी। जिसमें एक की दर्दनाक मौत हो गई थी। इसके बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं। यह हादसा प्रशासन के लिए चेतावनी था, लेकिन कोई ठोस कदम उठता नजर नहीं आ रहा।

स्थानीय निवासी अमित सिंह, मोहन शर्मा ने बताया कि यदि समय रहते सख्ती नहीं बरती गई तो ऐसे हादसे आगे भी होते रहेंगे। जरूरत है कि प्रशासन जागरूकता अभियान चलाए और नियमों का सख्ती से पालन कराए, ताकि लोगों की जान सुरक्षित रह सके।

——-
बिना रजिस्ट्रेशन ट्रॉली सड़क पर दौड़ रहीं, नियमों की खुलेआम अनदेखी अब ट्रैक्टर के साथ ट्रॉली (ट्रेलर) का भी आरटीओ में पंजीकरण कराना अनिवार्य कर दिया गया है, लेकिन जिले में बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बिना रजिस्ट्रेशन के ही सड़कों पर दौड़ रही हैं। इन्हें रोकने-टोकने वाला भी कोई नजर नहीं आ रहा है। सरकार द्वारा बीते वर्ष ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने के निर्देश जारी किए गए थे। साथ ही 17 अंकों का चेसिस नंबर और चार अंकों का पंजीकरण नंबर अंकित होना भी अनिवार्य किया गया था, लेकिन जिले में इन मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। बिना मानकों के सड़कों पर दौड़ रहीं ये ट्रैक्टर-ट्रॉलियां हादसों को दावत दे रही हैं और लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

———

ट्रैक्टर-ट्रॉली का प्रयोग कृषि यंत्रों एवं कृषि के कार्यों के लिए करें। ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं मालवाहन वाहनों के खिलाफ निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। ट्रैक्टर-ट्रॉली में यात्रा करने पर उसे सीज करने की कार्रवाई की जाएगी। –हरीओम, एआरटीओ बदायूं।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस