।
उझानी बदांयू 27 नवंबर।
सर्दी की दस्तक के साथ ही भगवान की पोषाक भी बदल गई हैं। कान्हा के भक्तों ने लड्डू गोपाल, राधा-कृष्ण और माता रानी के लिए ऊनी कपड़ों की खरीदारी शुरू कर दी है। शापिंग सेंटर , कछला रोड, और साहूकारा में भगवान के डिजाइनर कपड़ों का बाजार सज गया है। भक्त अपने इष्टदेव को सर्दी से बचाने के लिए जाकेट, धोती सूट, टोपी, मोजे, पोचू, रजाई, कंबल और गद्दे खरीद रहे हैं।
नगर के शापिंग सेंटर के दुकानदार विजय गोपाल ने बताया कि इस बार कान्हा के लिए जाकेट की नई रेंज उतारी गई है, जो खूब पसंद की जा रही है। आकर्षक पोचू, टोपी और मोजे भी बाजार में मुहैया हैं। माता रानी के लिए जार्डन के खास लहंगे बनाए गए हैं, जो भक्तों को आकर्षित कर रहे हैं। हाथ से क्रोसिया से बुने लड्डू गोपाल के डिजाइनर ऊनी कपड़े 50 से 400 रुपये तक की रेंज में उपलब्ध हैं। राधा-कृष्ण के लिए आकर्षक धोती सूट 400 से 700 रुपये में मिल रहे हैं।
कान्हा के गरम कपड़े के पेंट व शर्ट, शाल 50 से 250 रुपये तक में हैं। साहूकारा स्थित दुकानदार अनीता वार्ष्णेय ने बताया कि माता रानी के ऊनी लहंगे और चुनरी की भी अच्छी डिमांड है। भक्त अपने बजट के अनुसार कपड़े चुन रहे हैं। कोई 50 रुपये का पोचू खरीद रहा है, तो कोई 400 रुपये का जाकेट। भक्तों का कहना है कि यूं तो भगवान सभी को जाड़े, गर्मी, बरसात से बचाते हैं, लेकिन मौसम बदलने पर उनकी भी चिंता करनी चाहिए।
एक भक्त राजा ने बताया कि वह हर साल अपने लड्डू गोपाल के लिए नए कपड़े खरीदते हैं। इस बार सर्दी के लिए खास ऊनी जाकेट लिया है। शहर के बाजार में भगवान के कपड़ों का बाजार सज गया है। भक्त अपने इष्टदेव को सर्दी से बचाने के लिए जमकर खरीदारी कर रहे हैं।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

