4:31 am Monday , 3 August 2026
BREAKING NEWS

करवा चौथ-अखंड सौभाग्य के लिए सुहागिनों ने 14 घंटे रखा निर्जला व्रत

चंद्रदेव के किए दर्शन पतियों ने दिए उपहार।

बदांयू 11 अक्टूबर।

बदांयू जिले में करवा चौथ को लेकर काफी उत्साह देखने को मिली। महिलाओं ने निर्जला व्रत रखा, इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। चांद को देखते ही हर-हर महादेव का नारा गूंज उठा।

करवा चौथ के पर्व पर शुक्रवार को सुहागिन पूरी तरह भक्ति और उल्लास में डूबी रहीं। 14 घंटे निर्जला व्रत रखा। बादलों की लुकाछिपी के बीच जैसे ही चांद नजर आया तो छलनी की ओट से चंद्रदेव के दर्शन किए और अर्घ्य दिया।

कृतिका नक्षत्र और सिद्धियोग में महिलाओं ने चंद्रदेव, करवा माता के साथ शिव दरबार में पूजा अर्चना की। सोलह शृंगार कर घरों और कॉलोनियों के साथ ही मंदिरों में भी करवा चौथ की विधिवत पूजा की और कथा का श्रवण कर अखंड सौभाग्य की कामना की।

सुहाग की मंगलकामना के लिए सुहागिन करवा चौथ व्रत की तैयारी में जुटी रहीं। सुबह स्नान कर जल, अक्षत, पुष्प, द्रव्य लेकर व्रत का संकल्प लिया और पूजा की। शाम ढलते ही चंद्रमा को अर्घ्य देने के लिए महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ छतों पर इकट्ठा होने लगीं।

पहले चंद्रदेव को छलनी से देखा। पूजन के बाद पहला अर्घ्य चंद्रमा को अर्पित किया। इसके बाद लोक मान्यतानुसार व्रत रखकर पूजन किया। महिलाओं ने चौथ माई की कथा सुनीं और फल, मिठाई आदि का भोग लगाकर करवा फेरने की रस्म निभाई।

पति के हाथों से जल पीकर व्रती महिलाओं ने व्रत का पारण किया। व कई शिव मंदिरों में करवा चौथ की पूजा के लिए महिलाओं की भीड़ रही। व्रत पूरा होने के बाद महिलाओं ने शिवालयों और गणेश मंदिरों में भी दर्शन पूजन किया।

विज्ञापन एक्सप्रेस