बदायूं
श्रावण मास व कांवड़ यात्रा को लेकर डीएम-एसएसपी का कछला गंगा घाट पर निरीक्षण, ‘जीरो इंसिडेंट-जीरो एक्सीडेंट’ लक्ष्य के साथ सुरक्षा व्यवस्थाएं परखी
केशव गुप्ता
बदायूँ, 01 अगस्त। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने शनिवार को कछला गंगा घाट एवं कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने इस वर्ष की यात्रा को “Zero Incident, Zero Accident” के लक्ष्य के साथ संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने नौका के माध्यम से कछला गंगा घाट का भ्रमण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधाओं और आवागमन की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों द्वारा कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी तैयारियां तय समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कर ली जाएं, ताकि कांवड़ियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर सड़क की स्थिति, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, अस्थायी शौचालय, चिकित्सा सहायता केंद्र, एम्बुलेंस, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पार्किंग स्थल, विश्राम स्थल, सीसीटीवी कैमरे तथा यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। साथ ही संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि नियमित मॉनिटरिंग कर किसी भी कमी को तत्काल दूर किया जाए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाएगी। यात्रा मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थलों और कछला गंगा घाट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी निभाने तथा श्रद्धालुओं की सहायता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीण कुमार सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
