बदायूं
बदायूं पुलिस की महिला मुख्य आरक्षी कविता शर्मा ने बढ़ाया जिले का मान, 5 स्वर्ण और 3 कांस्य पदक जीतकर हुईं सम्मानित
केशव गुप्ता
बदायूं। जनपद बदायूं पुलिस की महिला मुख्य आरक्षी कविता शर्मा ने बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन पर शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने उन्हें मेडल पहनाकर एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
पुलिस विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद रामपुर में 8 जुलाई से 10 जुलाई 2026 तक आयोजित अंतरजनपदीय बैडमिंटन क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 में महिला मुख्य आरक्षी कविता शर्मा ने अपने आयु वर्ग के विभिन्न इवेंट्स में शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 5 स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
इसके बाद 23 जुलाई से 26 जुलाई 2026 तक आयोजित पुलिस वार्षिक बैडमिंटन क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 में बरेली जोन का प्रतिनिधित्व करते हुए कविता शर्मा ने अपने आयु वर्ग की विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 3 कांस्य पदक भी हासिल किए।
महिला मुख्य आरक्षी की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर 31 जुलाई 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने उन्हें मेडल पहनाकर सम्मानित किया तथा प्रशस्ति पत्र भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी कविता शर्मा की उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
महिला मुख्य आरक्षी कविता शर्मा की यह सफलता न केवल बदायूं पुलिस बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उनकी उपलब्धि पुलिस बल की अन्य महिला कर्मियों एवं युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
