कुंवरगांव संवाददाता
कुंवरगांव, बदायूं। थाना क्षेत्र के ग्राम ललेई स्थित गमा देवी मंदिर परिसर में बुधवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित हवन-कीर्तन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर परिसर में पीपल के पेड़ के नीचे महिलाएं भजन-कीर्तन कर रही थीं। इसी दौरान बंदरों की उछल-कूद से पेड़ की एक बड़ी शाखा अचानक टूटकर श्रद्धालुओं पर गिर गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में ऊषा देवी (40) पत्नी रामौतार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अमीर वानो पत्नी तसब्बर ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में श्यामा देवी, हरिदेवी, रामलली तथा 14 वर्षीय निराली पुत्री ओमवीर समेत कुल पांच लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
सूचना मिलते ही थाना कुंवरगांव पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है गमा देवी मंदिर पर प्रत्येक वर्ष गुरु पूर्णिमा के अवसर पर हवन एवं धार्मिक आयोजन होता है। घटना के बाद गांव में कोहराम मचा हुआ है।
बताया जा रहा है कि परिजन पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर रहे थे। पुलिस उन्हें आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत समझाने में जुटी हुई है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
