बदांयू 26 जुलाई।
दातागंज तहसील क्षेत्र के साड़ी गांव में रविवार दोपहर बाजरा की बुवाई के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। ट्रैक्टर से गिरकर 20 वर्षीय युवक रोटावेटर की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार साड़ी गांव निवासी अक्षय (20) पुत्र ओम सिंह दोपहर करीब 1 बजे गांव के ही रमेश के ट्रैक्टर पर बैठकर मेवाराम के खेत पर गया था। वहां रमेश का भतीजा हिमांशु किराए पर बाजरा की बुवाई कर रहा था।
खेत मालिक मेवाराम ने बताया कि ट्रैक्टर पर अक्षय के अलावा गांव के तीन अन्य लड़के भी सवार थे। सभी बारी-बारी से ट्रैक्टर चलाना सीख रहे थे। हादसे के समय हिमांशु ट्रैक्टर चला रहा था। इसी दौरान अचानक अक्षय का संतुलन बिगड़ा और वह सीधे रोटावेटर की चपेट में आ गया।
मृतक अक्षय अपने 6 भाई-बहनों में दूसरे नंबर का था। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। अक्षय अपने पिता ओम सिंह के साथ मजदूरी और खेती-बाड़ी में हाथ बटाकर घर का खर्च चलाता था। बेटे की मौत की खबर से घर में कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची उसावां थाना पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उसावां थाना अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया, “घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतक के पिता से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली गई है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
