12:20 pm Friday , 24 July 2026
BREAKING NEWS

बदायूं: शादी में गायब हुआ 1 साल का मासूम 70 हजार में बेचा, नर्स समेत 5 पर चार्जशीट दाखिल

बदायूं: शादी में गायब हुआ 1 साल का मासूम 70 हजार में बेचा, नर्स समेत 5 पर चार्जशीट दाखिल।

बदायूं 24 जुलाई।

शादी समारोह से एक वर्षीय मासूम के अपहरण और उसे 70 हजार रुपये में बेचने के मामले में पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस मामले में एक नर्स समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। सभी आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

घटना 16 अप्रैल की रात इस्लामनगर क्षेत्र के मोनार्क फार्म हाउस की है। यहां आयोजित एक शादी समारोह में संभल जिले के रजपुरा थाना क्षेत्र के सिरसा गांव निवासी भूखन प्रजापति का एक साल का बेटा सौरभ लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद पता चला कि एक युवती उसे अपने साथ ले गई है।

पुलिस ने मौके पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें एक स्विफ्ट डिजायर कार का नंबर दिखा। इसी सुराग के आधार पर जांच करते हुए पुलिस बुलंदशहर के भोपतपुर पहुंची। जांच में पता चला कि अपहरण की मुख्य आरोपी बुलंदशहर के रामनगर निवासी खुशबू है, जो एक निजी अस्पताल में नर्स है।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि खुशबू बच्चे को लेकर अपने मौसा दिनेश के घर आगरा गई थी। आरोप है कि दिनेश ने अपने भाई मुकेश के साले सोनू को 70 हजार रुपये में मासूम को बेच दिया। सूचना पर पुलिस ने आगरा के ताजगंज क्षेत्र में सोनू के घर दबिश देकर उसकी पत्नी बबली और रिश्तेदार पूजा के पास से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस ने इस मामले में खुशबू, दिनेश, सोनू, बबली और पूजा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इस्लामनगर थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि विवेचना में मिले साक्ष्यों के आधार पर पांचों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी गई है। अब मामले की सुनवाई न्यायालय में होगी।

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 48 घंटे के अंदर बच्चे को बरामद कर लिया था। बच्चे को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।

विज्ञापन एक्सप्रेस