


उझानी बदायूं 26 जुलाई।
इतिहास रचने के इंतजार में सुबह से ही उमड़ी हजारों आंखों का सपना धूप में भाप बनकर उड़ गया। उझानी रेलवे स्टेशन पर रविवार को ऐशबाग एक्सप्रेस के शुभारंभ समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने ट्रेन को मंच से ही झंडी दिखाकर रवाना कर दिया। प्लेटफॉर्म पर खड़े लोगों को लगा था कि मंत्री स्वयं इंजन के पास आकर हरी झंडी दिखाएंगे, मगर ऐसा हुआ नहीं।
सुबह 11 बजे केन्द्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा अपने काफिले के साथ मंच पर पहुंचे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण करीब एक घंटे तक सुना गया। इसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता, डीआरएम वीणा सिन्हा, विधायक महेशचंद्र गुप्ता, विधायक हरीश शाक्य और पूर्व मंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल ने भी संबोधित किया।
दोपहर 12 बजकर 15 मिनट का समय तय था। तय समय पर ख़बरनवीस, फोटोग्राफर और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के कैमरे इंजन के सामने तन गए। सबकी निगाहें इसी आस में थीं कि मंत्री जी प्लेटफॉर्म पर आएंगे। लेकिन ठीक 12:15 पर मंच से ही हरी झंडी लहराई गई। सीटी की आवाज गूंजी और ऐशबाग एक्सप्रेस धीरे-धीरे गंतव्य की ओर बढ़ चली।
झंडी दिखाते ही मंत्री श्री वर्मा अपने साथ आए भाजपा नेताओं के साथ विशेष कोच में सवार हुए और बदांयू के लिए रवाना हो गए।
भीषण गर्मी में पसीना पोंछते-पोंछते पहुंची जनता के चेहरे पर मायूसी साफ झलक रही थी। भीड़ में से आवाजें उठीं, जब स्टेज से ही झंडी दिखानी थी तो माइक से ऐलान कर देते। हम भी सामने खड़े होकर इस पल को निहार लेते।
कई लोगों ने इसे उत्सव की जगह औपचारिकता करार दिया। पत्रकार भी निराश दिखे। ट्रेन के जाते ही मीडिया कर्मी आपस में यही कह रहे थे, उद्घाटन तो हो गया, कवरेज कहां हुई ?
उझानी को सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलने की खुशी जरूर है, लेकिन उद्घाटन के इस पर्दे के पीछे वाले तरीके ने उस खुशी में खलल डाल दिया। जनता बस एक सवाल छोड़ गई, जश्न मनाना था तो नजदीक से मनाते।
हालांकि केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री वर्मा ने ट्रेन के पिछले डिब्बे में चढ़ते ही चलती ट्रेन को हरी झंडी ज़रूर दिखाई।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
