12:03 pm Saturday , 25 July 2026
BREAKING NEWS

अलापुर को रेल मार्ग से जोड़ने की मांग फिर तेज, जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर उठे सवाल

अलापुर (बदायूं)। जनपद के उपनगर अलापुर में विकास को लेकर एक बार फिर रेल संपर्क का मुद्दा चर्चा में है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि चुनाव के समय नेताओं और राजनीतिक दलों के दावेदारों की कोई कमी नहीं रहती, लेकिन अलापुर को रेल मार्ग से जोड़ने की ठोस पहल करने वाला कोई जनप्रतिनिधि नजर नहीं आता।

अलापुर क्षेत्र का संबंध बदायूं और आंवला लोकसभा सीट के साथ-साथ शेखूपुर, बदायूं और दातागंज विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ता है। चुनाव आते ही विभिन्न राजनीतिक दलों से टिकट के दावेदारों की लंबी कतार दिखाई देती है, लेकिन क्षेत्र की सबसे बड़ी मांग—रेल संपर्क—आज भी अधूरी है।

स्थानीय लोगों का मानना है कि रेल सुविधा के अभाव में अलापुर का विकास वर्षों से प्रभावित हो रहा है। उनका कहना है कि यदि अलापुर रेल नेटवर्क से जुड़ जाए तो व्यापार, शिक्षा, रोजगार और आवागमन को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्र के पिछड़ेपन को काफी हद तक दूर किया जा सकता है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि अब केवल चुनावी वादों से काम नहीं चलेगा। जनप्रतिनिधियों को अलापुर को रेल मार्ग से जोड़ने के लिए सरकार और रेलवे मंत्रालय के स्तर पर गंभीर पहल करनी चाहिए। लोगों का मानना है कि अलापुर के समग्र विकास की सबसे बड़ी कुंजी रेल संपर्क है, और इसी दिशा में ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।

विज्ञापन एक्सप्रेस