12:13 pm Wednesday , 29 July 2026
BREAKING NEWS

शहर में नालों की खुदाई से बदहाल सड़कें, आखिर हम कहां जा रहे हैं?

शहर में नालों की खुदाई से बदहाल सड़कें, आखिर हम कहां जा रहे हैं?
आज की बात – सुशील धींगडा के साथ

बदायूं। शहर में जलभराव की समस्या के समाधान के नाम पर कराए जा रहे नालों के निर्माण ने आम नागरिकों की मुश्किलें कम करने के बजाय और बढ़ा दी हैं। जगह-जगह नालों की खुदाई के कारण शहर की अनेक सड़कें बदहाल हो चुकी हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना जाम, धूल और दुर्घटना के खतरे का सामना करना पड़ रहा है।

करीब एक वर्ष से चल रहे निर्माण कार्य के कारण शहरवासियों का जनजीवन प्रभावित है। कई प्रमुख मार्गों पर अधूरे कार्य और खोदे गए गड्ढों ने यातायात व्यवस्था को अस्त-व्यस्त कर दिया है। लोगों का कहना है कि यदि शहर में सीवर लाइन परियोजना को पहले ही स्वीकृति मिल चुकी है, तो फिर लगभग हर सड़क पर अलग-अलग नालों का निर्माण किस उद्देश्य से कराया जा रहा है।

नागरिकों का यह भी सवाल है कि जब सीवर लाइन का कार्य होना है, तो उसे शुरू करने के बजाय ठंडे बस्ते में क्यों डाल दिया गया है। अधूरे निर्माण और समन्वय की कमी के कारण सरकारी धन के दुरुपयोग की आशंका भी व्यक्त की जा रही है।

शहरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि सीवर लाइन और नाला निर्माण कार्यों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक की जाए तथा अधूरे पड़े कार्यों को शीघ्र पूरा कर लोगों को जाम, जलभराव और बदहाल सड़कों की समस्या से राहत दिलाई जाए।

विज्ञापन एक्सप्रेस