7:24 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी -इस बार बच्चों को लुभाएंगी टेडी और लाइट वाली राखियां

।*****
शहर के बाजारों में छाने लगा रक्षाबंधन पर्व का उल्लास, सज गईं राखियाें की दुकानें।

उझानी बदांयू 31 जुलाई।

शहर के बाजारों में भाई-बहन के प्रेम व स्नेह के प्रतीक रक्षाबंधन पर्व का उल्लास छाने लगा है। इसके चलते शहर में भाई की कलाई पर बांधी जाने वाली तरह-तरह की आकर्षक राखियों की बिक्री के लिए दुकानें सज गई हैं। रक्षाबंधन का पर्व इस बार नौ अगस्त को है। इसको लेकर शहर के सभी बाजारों में लगाई गई दुकानों पर खरीदारी की भीड़ भी धीरे-धीरे बढ़ने लगी है।

इस बार शहर के शापिंग सेंटर, घंटाघर चोराहा, पंखा रोड, बाजार में मौजूद राखियों में नया ट्रेंड देखने को मिल रहा है। बाजार में स्टोन जड़ित राखी, मोती वाली राखी, भाभी के लिए लुंबा, टेडी बियर राखी के साथ ही बच्चों के लिए लाइट वाली राखी बिक्री के लिए मौजूद हैं।

छोटे-छोटे बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर राखी, म्यूजिकल राखी की भी खूब मांग देखी जा ही है। राखी विक्रेता अन्नू वार्ष्णेय ने बताया कि इस बार राखियों में खास कलेक्शन मंगवाया है। बहनों की पसंद के अनुसार हमने टेडी बीयर, नाम छपी राखी और डिजाइनर सेट्स को प्रमुखता दी है। बाजार में राखियों की कीमत 10 से लेकर 270 तक हैं और स्पेशल डिजाइनर राखियां 500 से 1000 तक हैं।

लाइट वाली राखी का बच्चों में दिखा उत्साह
टेडी बियर राखी और लाइट वाली राखियों को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। छह साल की छोटी सौम्या अपनी मां सुमन के साथ राखी लेने आई थी। उसने टेडी वाली राखी की ओर इशारा करते हुए कहा मुझे यहीं वाली चाहिए, इसमें लाइट भी जलती है।

ऑनलाइन को पछाड़ रहा बाजार
दुकानदार राजेश्वर बताते हैं कि राखी के बाजार में इस बार वैरायटी और गुणवत्ता दोनों का खास ख्याल रखा गया है। रक्षाबंधन को लेकर लोगों का रुझान ऑनलाइन की जगह बाजार की तरफ ज्यादा रहता है। बहनों द्वारा भाइयों को बांधी जाने वाली राखियों को खरीदने से पहले छूकर, देखकर और महसूस कर खरीदना ज्यादा पसंद आता है।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस