10:46 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

तेज धूप और उमस ने की हालत खराब, पसीने से पूरे दिन भीगा रहा बदन

उझानी बदांयू 29 मई।

गर्मी के वार से लोगों को फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही। 28 मई को भी तेज धूप की मार से लोग बेहाल रहे। उमस ने भी खासा परेशान किया। बदन पूरे दिन पसीने से भीगा रहा।

बुधवार को अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन की शुरुआत ही उमस भरी गर्मी के साथ हुई। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, गर्मी के तेवर तल्ख होते गए। दोपहर में धूप की किरणें तन झुलसाती महसूस हुई। बेहद जरूरी कार्यों से ही लोग घरों से बाहर निकले, जिससे सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। जो लोग मजबूरी में घरों से बाहर निकले भी तो सिर से पांव तक शरीर को ढंककर निकले।

ज्यादातर लोग दोपहर में घर, दुकान और दफ्तरों के अंदर कूलर और एसी की ठंडी हवा में बैठे नजर आए। बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही न होने से दुकानदार भी हाथ पर हाथ रखकर बैठे रहे। शाम ढलने के बाद गर्मी के तेवर कुछ नरम पड़े, तब जाकर बाजारों में रौनक लौटी। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 30 मई को भी तापमान में इजाफा होने की संभावना नहीं है, लेकिन उमस और गर्मी लगातार परेशान करेगी।————
राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस