*
उझानी बदांयू 28 मई।
जिले में बीते कुछ दिनों से मौसम के मिजाज में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। बुधवार को तल्ख धूप के साथ उमस ने बेचैनी और अधिक बढ़ा दी। सुबह से ही तेज उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया।
बुधवार सुबह आकाश में हल्के बादल छाए रहे। लोगों को उम्मीद थी कि दिन कुछ सहज रहेगा, लेकिन कुछ ही देर बाद धूप ने तल्खी दिखाना शुरू कर दी। दोपहर में बादलों की चहलकदमी के बीच उमस ने बेहाल कर दिया, जिससे लोग पसीने से तरबतर हो गए। शहरी क्षेत्र के साथ ही ग्रामीण अंचलों में भी गर्मी ने असर दिखाया। बिल्सी, उझानी, दातागंज,बिनावर, बजीरगंज, बिसौली में भी लोग गर्मी से परेशान हुए।

मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री पर बना रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि तापमान में फिलहाल कोई बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है।
मौसम की इस स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि इस तरह के मौसम में डिहाइड्रेशन, थकान और लू लगने जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। ऐसे में लोगों को भरपूर पानी पीने, हल्का भोजन करने और दोपहर के समय धूप में अधिक न निकलने की सलाह दी है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

