उझानी बदांयू 15 मई।
भीषण गर्मी बढते ही अब बिजली भी दगा दे रही है। एक सप्ताह से दिन में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंच रहा है। गर्मी से राहत पाने के लिए बिजली का उपयोग बढ़ गया है। घरों से लेकर ऑफिस, शोरूम, मार्ट, दुकान हर जगह कूलर, पंखे के साथ लगातार एसी भी चल रहे हैं। ट्रांसफाॅर्मरों पर लोड बढ़ने से वह हांफने लगे हैं,जगह-जगह लोकल फाॅल्ट की समस्या आ रही है। लो-वोल्टेज व टि्पिंग से जन-मानस व्याकुल हो रहा है।
मंगलवार से बुधवार के बीच 24 घंटे में अलग-अलग जगहों पर लोगों को बिजली कटौती से दो-चार होना पड़ा। बताया जा रहा है कि लोड बढ़ने से ट्रांसफाॅर्मर जवाब दे रहे हैं, जिसे बचाने के लिए लोड शेडिंग करनी पड़ रही है। वहीं तकनीकी खराबी आने पर भी लोकल फॉल्ट हो रहे हैं। इसे ठीक करने में घंटों लग रहे हैं। उपकेंद्र से शटडाउन लेने के दौरान कई मोहल्ले बिजली कटौती की मार झेल रहे हैं।आलम यह है कि स्टेशन रोड, साहूकारा,कछला रोड पर लो-वोल्टेज से सिर्फ पंखे कूलर चलते नजर आते हैं, उसपर भी पूरे दिन कटौती व ट्रिपिंग से लोगों को भारी परेशानी हो रही है। बताते हैं कि तेज हवा चलने के दौरान ढीले हो चुके नंगे तार आपस में टकराकर स्पार्किंग कर रहे हैं। इससे जंपर या तार टूटकर जमीन पर गिर जाते हैं। विभाग के पास पर्याप्त कर्मचारी भी नहीं है, इसलिए मरम्मत कार्य में देर हो रही है।
——————————–
शहर में विद्युत उपकेंद्र पर रात में एसएसओ के नेतृत्व में तीन से चार लोगों की टीम सक्रिय है। लोकल फाॅल्ट की सूचना मिलने पर यह टीम एक जगह पहुंच रही है, तबतक दूसरे क्षेत्र में भी लोकल फाॅल्ट हो जाता है। ऐसे में कर्मचारियों को रात-दिन भागदौड़ करनी पड़ रही है। कुछ कर्मचारियों ने बताया कि गर्मी में लोकल फॉल्ट की समस्या आम हो जाती है। ऐसे में उपकेंद्र पर कम से कम दो टीम 24 घंटे सक्रिय होनी चाहिए। लेकिन, विभाग के पास इतने कर्मचारी ही नहीं है। किसी किसी को 24 घंटे ड्यूटी करनी पड़ रही है।
—————————- राजेश वार्ष्णेय एमके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

