उझानी बदांयू 19 जनवरी। ठंड का असर और खानपान में लापरवाही से स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है। अपच की समस्या हो रही है। लोग पेट दर्द, उल्टी-दस्त सहित पेट की समस्या से पीड़ित हो रहे हैं। सरकारी अस्पताल में रोजाना करीब बीस से पचीस मरीज पेट में गड़बड़ी की समस्या को लेकर आ रहे हैं। इसमें बच्चों से लेकर बड़े होते हैं। डॉक्टर मरीजों को दवा देने के साथ सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
पारा गिरने से ठंड बढ़ी है। हवा से गलन भी बढ़ी है। इस मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भारी पड़ रही है और लोगों की सेहत बिगड़ रही है। साथ ही ठंड में खानपान में गड़बड़ी से समस्या हो रही है। इन दिनों कम पानी पीने, मसालेदार-तली भुनी चीजों के अधिक सेवन करने से कब्ज-अपच की दिक्कत हो रही है। इसकी वजह से पेट दर्द, मिचली, उल्टी-दस्त, पेट फूलने, पेट दर्द की परेशानी हो रही है। इस तरह की शिकायत लेकर लोग सीएचसी में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। इसमें करीब दस से पंद्रह बच्चे और आठ से दस बड़े लोग होते हैं। डॉक्टर दवा देने के साथ ही सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ.राजकुमार गंगवार ने बताया कि ठंड के मौसम में लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। शरीर में पाचन रस निकलता है, जो पाचन में सहायक होता है। ठंड के असर से कम हो जाता है, जिससे पाचन पर असर पड़ता है। इन दिनों शारीरिक गतिविधियां भी कम हो जाती है। अधिकांश समय बैठे रहने व सोते रहने से आंत की गतिशीलता कम हो जाती है। पानी के पर्याप्त मात्रा में नहीं पीने से ठीक से पेट का फिल्टरेशन नहीं हो पाता है, जिससे हानिकारक पदार्थ नहीं निकलते हैं। इससे भी पाचन गड़बड़ होने से पेट की दिक्कत होती है। वहीं ठंड में सतर्कता नहीं बरतने से बच्चे पीड़ित हो जाते हैं।
ठंड के असर व खानपान में गड़बड़ी से अपच, पेट दर्द, मिचली, दस्त, पेट फूलने की समस्या होती है। ऐसे में ठंड से बचने के साथ खानपान पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। साथ ही शारीरिक सक्रियता जारी रखने की जरूरत है। कोई परेशानी होने पर डॉक्टर से संपर्क करें और उनकी सलाह पर दवा लें।———–*——-** राजेश वार्ष्णेय एमके।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

