1:53 pm Saturday , 8 August 2026
BREAKING NEWS

बिना अनुमति प्लॉट में सड़क निर्माण का आरोप, न्याय की गुहार

बिल्सी। नगर के मोहल्ला संख्या दो निवासी नलिन वार्ष्णेय पुत्र विनय कुमार ने शुक्रवार को तहसील पहुंचकर एसडीएम राजेश कुमार सिंह को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए नगर पालिका परिषद पर बिना अनुमति उनके प्लॉट में सड़क निर्माण कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में नलिन वार्ष्णेय ने बताया कि उन्होंने पूर्व में उझानी रोड स्थित बाहर चुंगी के निकट गांव रायपुर बुजुर्ग के पास दो प्लॉट खरीदे थे, जिनका विधिवत बैनामा उनके पास उपलब्ध है। उनका आरोप है कि हाल ही में नगर पालिका परिषद ने बिना किसी पूर्व सूचना, अनुमति अथवा सहमति के उनके दोनों प्लॉटों पर सड़क निर्माण कार्य शुरू करा दिया। इससे उनकी निजी संपत्ति प्रभावित हो रही है।
उन्होंने एसडीएम से पूरे प्रकरण की जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उनके प्लॉट पर कराए गए सड़क निर्माण को हटवाकर भूमि को पूर्व स्थिति में बहाल कराने की भी मांग की है।
एसडीएम राजेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हो गया है। मामले की राजस्व अभिलेखों एवं संबंधित दस्तावेजों के आधार पर जांच कराई जाएगी। यदि जांच में शिकायत सही पाई जाती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस