।
बदायूं 5 अगस्त।
बदांयू जिले के उसहैत क्षेत्र में गंगा नदी का जलस्तर बुधवार को कुछ कम हुआ, लेकिन राहत के कोई आसार नहीं हैं। ग्राम जटा की मुख्य सड़क पर अब भी पानी बह रहा है, जिससे ग्रामीणों की आवाजाही मुश्किल हो गई है। प्रशासन ने एहतियातन मोटरबोट तैनात कर दी हैं।
गंगा के बढ़े पानी से दो दिन पहले पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल था। जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण 35 गांवों के लोग बाढ़ की आशंका से सहम गए थे। बीते शनिवार को जटा गांव में मुख्य सड़क से गांव को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर करीब तीन फीट तक पानी बह रहा था। इसके बाद प्रशासन ने तीन मोटरबोट तैनात की थीं। ग्रामीणों को गांव से आने-जाने के लिए ट्रैक्टर और मोटरबोट का सहारा लेना पड़ रहा है।
बुधवार सुबह कछला पुल पर लगे वाटर गेज में गंगा का जलस्तर 162.12 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से 24 सेमी नीचे है। बाढ़ खंड के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल पानी कम हुआ है, लेकिन इस सप्ताह भारी बारिश का अनुमान है। इस वजह से बाढ़ का खतरा अभी टला नहीं है।
राजस्व विभाग की टीम लगातार क्षेत्र का दौरा कर रही है और ग्रामीणों को सुरक्षा निर्देश दिए जा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे न जाने और सतर्क रहने की अपील की है। वहीं कदम नगला गांव में जलस्तर कम होने से कुछ जगहों पर कटान की सूचना भी मिली है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
