कछला पुल पर नाटकीय बचाव!
रेलिंग पर चढ़ी युवती को नगर पंचायत कर्मी ने दो बार पकड़कर बचाई जान।
घर से नाराज होकर गंगा में कूदने आई थी कछला की युवती।
बदांयू 4 अगस्त ।
मंगलवार सुबह कछला पुल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती ने गंगा नदी में कूदकर जान देने का प्रयास किया। समय रहते नगर पंचायत में तैनात कर्मी की मुस्तैदी से एक बड़ी घटना टल गई।
जानकारी के मुताबिक कछला गंगा नदी के पुल पर सुबह एक युवती रेलिंग पर चढ़ गई और नदी में छलांग लगाने लगी। वहां ड्यूटी पर मौजूद नगर पंचायत कर्मी ने दौड़कर उसका हाथ पकड़ लिया और उसे नीचे उतार लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवती ने इसके बाद दो बार हाथ छुड़ाकर फिर से कूदने की कोशिश की, लेकिन कर्मी ने दोनों बार उसे बचा लिया। युवती रो रही थी। उसे देखकर पुल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही कछला चौकी इंचार्ज रिंकू सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवती से पूछताछ की और मोबाइल नंबर लेकर परिजनों को सूचना दी। युवती को चौकी लाकर समझाया गया। थोड़ी देर में उसके परिजन भी वहां पहुंच गए।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवती घर से नाराज होकर आई थी। फिलहाल युवती को परिजनों के साथ घर भेज दिया गया है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
